बर्थ डे पर सरप्राइज गिफ्ट में मौत, पढ़िए एक फिल्मी पर सच्ची कहानी!

Date:

कहानी किसी थ्रिलर फिल्म की पटकथा जैसी है, पर यह सच्ची है, जिसने छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले को हिलाकर रख दिया। जहां एक तरफ एक बेटी अपने 18वें जन्मदिन की खुशियां मना रही थी, वहीं दूसरी तरफ उसके बेहद करीबी ने ही उसकी मौत का पूरा ताना-बाना बुन लिया था।

आधी रात को लापता हुई भारती…
19 जून की रात। ग्राम पंचायत झारा की रहने वाली भारती टंडन ने अपना 18वां जन्मदिन मनाया था। परिवार में सब खुश थे कि उनकी बड़ी बेटी अब बालिग हो गई है। लेकिन किसी को क्या मालूम था कि यही रात भारती की जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी।
तड़के करीब 3:00 बजे, जब पूरा गांव गहरी नींद में सोया था, भारती अचानक अपने घर से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। सुबह जब बिस्तर खाली मिला, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। हर जगह तलाश की गई, लेकिन भारती का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
तलाश के तीसरे दिन यानी 22 जून की दोपहर, जब कुछ ग्रामीण नाले की तरफ गए, तो उन्हें वहां से एक अजीब सी सड़ांध आई। जब नजरें रेत की तरफ गईं, तो सबके रोंगटे खड़े हो गए।

रेत से इंसान के शरीर का एक हिस्सा बाहर झांक रहा था।तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने जब रेत को खोदा, तो वहां से भारती की लाश बरामद हुई। पास ही में उसका पर्स, चप्पल और बालों का गुच्छा बिखरा पड़ा था।
पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट ने इस बात पर मुहर लगा दी कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि बेरहमी से किया गया कत्ल था।भारती के सिर पर किसी भारी चीज से जोरदार वार किया गया था, जिससे सिर की हड्डी टूट चुकी थी।सिर पर करीब 6 इंच लंबा और गहरा घाव था।अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने जब भारती की कॉल डिटेल्स और उसकी दोस्ती के बारे में तफ्तीश शुरू की, तो शक की सुई उसके एक नाबालिग बॉयफ्रेंड पर जाकर टिकी। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और जब सख्ती से पूछताछ की, तो जो सच सामने आया उसने हर किसी का दिल दहला दिया।

वजह क्या थी? भारती 18 साल की हो चुकी थी और अपने नाबालिग दोस्त पर शादी करने का दबाव बना रही थी। लेकिन लड़का शादी नहीं करना चाहता था। इसी अनबन को खत्म करने के लिए उसने भारती को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।
वारदात की वो रात: नाबालिग ने भारती को बर्थडे गिफ्ट देने के बहाने नाले के पास बुलाया। भारती बेहद खुश थी कि उसका दोस्त उसे कोई सरप्राइज देने वाला है। आरोपी ने उससे कहा, “अपनी आंखें बंद करो, मैं तुम्हें गिफ्ट देने वाला हूं।” मासूम भारती ने जैसे ही भरोसे के साथ अपनी आंखें बंद कीं, आरोपी ने पीछे छिपाया हुआ एक भारी पत्थर उठाया और पूरी ताकत से उसके सिर पर दे मारा। भारती संभल भी नहीं पाई और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं।
कत्ल करने के बाद आरोपी ने भारती की लाश को वहीं नाले के किनारे रेत में दफना दिया। उसका पर्स और चप्पलें आसपास फेंक दीं ताकि किसी को शक न हो। यही नहीं, उसने हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर को पानी से धोकर छिपा दिया ताकि खून के निशान मिटाए जा सकें।

लेकिन कहते हैं ना, कानून के हाथ लंबे होते हैं। पुलिस की सूझबूझ और फॉरेंसिक सबूतों के आगे कातिल का शातिर दिमाग फेल हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर और अन्य सामान जब्त कर लिया है और आरोपी सलाखों के पीछे है। एक खूबसूरत जिंदगी का अंत महज एक सनक और धोखे की वजह से हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

More like this
Related

नकटी के नमकहराम कौन?

नकटी के नमकहराम कौन? छत्तीसगढ़ में पहली बार ऐसा हुआ...

बेटी पढ़ेगी…विकास गढ़ेगी! खरोरा पीएमश्री में सायकल वितरण…पढ़ें!

पीएम श्री खरोरा में 123 नवप्रवेशित छात्राओं को निःशुल्क...

राजनीति की अंगड़ाई लेता छत्तीसगढ़! पढ़ें गजेंद्ररथ का ज्वलंत आलेख…

राजनीति की अंगड़ाई लेता छत्तीसगढ़! छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित अग्निकांड...