छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज को लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। दरअसल, रविवार सुबह जशपुर के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास हादसा हो गया। इस हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक 16 साल की लड़की समेत दो महिलाएं शामिल हैं। हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के कारण हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग दशहरा उत्सव में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में 30 ग्रामीण सवार थे। जिनमें से 8 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में दहशरा पर्व के मौके पर सुरेशपुर गांव में नाटक का आयोजन किया गया था। इस नाटक को देखने के लिए पंडरीपानी गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गए थे। नाटक देखने के बाद वह रात में 3 से 4 बजे के करीब लौट रहे थे उसी दौरान हादसा हो गया।
लौटते समय ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ट्रॉली सहित पलट गया। इसके चलते ट्रॉली में सवार लोग नीचे दब गए। हादसे के दौरान मची चीख पुकार से स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया और गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए पत्थलगांव स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने रनिका बाई, हिरासो बाई और एक अन्य बुजुर्ग महिला को मृत घोषित कर दिया। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जिन लोगों की स्थिति गंभीर है उन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया है।