धरसीवां के सेवा सदन में ‘सेवा सेतु अभियान’ संपन्न: छत्तीसगढ़ के सवा लाख घरों में चमकी सौर ऊर्जा, हितग्राहियों का हुआ सम्मान
*विधायक अनुज शर्मा बोले- ‘अब उपभोक्ता नहीं, ऊर्जा दाता बनें’, सौर ऊर्जा ही सुरक्षित भविष्य का बेहतर विकल्प*
* पीएम सूर्य घर योजना’ के हितग्राहियों का हुआ सम्मान
* योजना के लाभ से उपभोक्ताओं को मिल रहा है ‘शून्य बिजली बिल’ का लाभ
धरसींवा:-
रायपुर, 17 अक्टूबर 2026 – धरसीवां विधायक श्री अनुज शर्मा ने कहा है कि सुरक्षित भविष्य के लिए अब सौर ऊर्जा ही सबसे बेहतर विकल्प है। उन्होंने आम बिजली उपभोक्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाएं और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
श्री अनुज शर्मा, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चले ‘सेवा सेतु अभियान’ के समापन अवसर पर धरसीवां के सेवा सदन में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा मिल रहे अनुदान (सब्सिडी) का लाभ लें और एक ‘ऊर्जा दाता’ बनकर अपने आप को आत्मनिर्भर व ऊर्जा संपन्न बनाएं। इस गरिमामयी समारोह में पी एम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
प्रदेश में सवा लाख से अधिक घरों पर लगे सोलर प्लांट: मुख्य अभियंता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री अनीस कुमार लखेरा ने प्रदेश में योजना के तहत हो रही प्रगति के आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक सवा लाख से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं ने अपने घरों पर सौर संयंत्र (सोलर प्लांट) स्थापित कर लिए हैं। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को अब ‘शून्य बिजली बिल’ का सीधा लाभ मिल रहा है।
हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव, शून्य और न्यूनतम हुए बिल
समारोह के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सविता चंद्राकर ने सौर ऊर्जा संयंत्र पर अपने निजी अनुभवों को साझा करते हुए इसे उपभोक्ताओं के लिए बेहद लाभकारी और बचतकारी बताया। सम्मान पाने वाले हितग्राहियों ने भी मंच से अपने अनुभव साझा किए। कुछ लाभार्थियों ने बताया कि सोलर प्लांट लगने के बाद से उनके घर का बिजली बिल ‘शून्य’ (Zero) आ रहा है, तो वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने कहा कि उनका बिल घटकर अब बिल्कुल न्यूनतम (नाममात्र) हो चुका है।
पावर कंपनी के कार्मिकों के कार्यों की सराहना
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनपद पंचायत धरसीवां के उपाध्यक्ष श्री दिनेश खूंटे ने प्रदेश के विद्युत क्षेत्र में हुए विकास और इससे आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को रेखांकित किया। उन्होंने बिजली विभाग के मैदानी अमले और पावर कंपनी के कार्मिकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
समारोह में ये रहे उपस्थित
इस समापन अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती पूजा वर्मा, सरपंच (धरसीवां) श्री साहिल खान, मुख्य अभियंता (रायपुर शहर) श्री संजीव सिंह, अधीक्षण अभियंता श्री श्रीमुरारी हरि व श्री महावीर विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता श्री धनंजय वर्मा तथा सहायक अभियंता श्री आकाश श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, उपभोक्ता और पावर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
