बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में स्थित एक बाल संप्रेक्षण गृह (जुवेनाइल डिटेंशन सेंटर) से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक चौकीदार की बेरहमी से हत्या कर चार बाल अपचारी फरार हो गए हैं। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह वारदात रविवार रात करीब 11 बजे की है। बाल संप्रेक्षण गृह में बंद चार बाल अपचारियों ने पहले ड्यूटी पर तैनात चौकीदार के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद उन्होंने चौकीदार के हाथ-पैर बांध दिए, मुंह में गमछा ठूंस दिया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार खांडे (40 वर्ष) अरईबंद, तखतपुर क्षेत्र के रुप में की गई है ,वह पिछले करीब एक साल से यहां चौकीदार के पद पर तैनात थे। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह हत्या एक सोची-समझी साजिश है, जिसे संप्रेक्षण गृह के ही ‘सिंह सर’ और ‘अधीक्षक मैडम’ ने मिलकर करवाया है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, फरार हुए बाल अपचारियों में से मुख्य आरोपी की उम्र 20 साल हो चुकी थी और उसे जल्द ही जेल शिफ्ट किया जाने वाला था। अन्य आरोपियों में से एक हत्या और दूसरा बलात्कार के मामले में वहां बंद था। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने हाल ही में सेंट्रल जेल में हुई एक कैदी की हत्या की घटना से सीख लेकर इस वारदात की योजना बनाई होगी।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।फरार चारों बाल अपचारियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।क्राइम सीन से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और संप्रेक्षण गृह में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही हत्या की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।
