विधायक अनुज शर्मा ने कचना में ग्रामीणों के साथ सुनी PM मोदी की ‘मन की बात’; कहा– ऊर्जा, प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण का अनूठा मंच है यह कार्यक्रम
* धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने कार्यकर्ताओं संग साझा किया प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ का 139वां एपिसोड
* ‘वोकल फॉर लोकल’ से बिहार का मखाना ग्रीस और कर्नाटक की अरहर दाल मालदीव तक पहुँची
* महाराष्ट्र के ‘शबरी नेचुरल्स’ की पैकेजिंग को जापान में मिला ‘गुड डिजाइन अवार्ड’, PM ने की सराहना
धरसींवा/खरोरा:
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कचना (रायपुर) में आज लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा ने स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण सुना।
इस विशेष संस्करण में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ की गौरवशाली 12 वर्षों की लंबी और सफल यात्रा का स्मरण किया। उन्होंने बताया कि इन 12 वर्षों में यह कार्यक्रम जन-जन की सहभागिता, प्रेरणादायी कहानियों, स्वच्छता अभियान, स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता, आत्मनिर्भर भारत, ई-संजीवनी के लाभ, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, रन फॉर यूनिटी और राष्ट्र निर्माण के अनेक संकल्पों का एक जीवंत दस्तावेज बन चुका है।
‘वोकल फॉर लोकल’ से वैश्विक मंच पर चमक रहे स्वदेशी उत्पाद
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जी ने ‘Vocal for Local’ की भावना पर विशेष बल देते हुए कहा कि आज हमारे देश के स्थानीय उत्पाद अपनी ताकत के दम पर ग्लोबल मार्केट्स (वैश्विक बाजारों) तक पहुंच रहे हैं। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि बिहार के पूर्णिया का मखाना अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण अब ग्रीस तक पहुंच रहा है, तो वहीं कर्नाटक के कलबुर्गी की प्रसिद्ध अरहर दाल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में मालदीव तक निर्यात की जा रही है, जो हमारे किसानों और स्थानीय उद्योगों की बढ़ती वैश्विक साख को दर्शाता है।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री जी ने महाराष्ट्र के आदिवासी समुदायों की सराहनीय पहल का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वहां के आदिवासी समाज ने ‘शबरी नेचुरल्स’ के माध्यम से शहद, महुआ, चिरौंजी और बांस से बने उत्पादों को बाजार में उतारा है और उनकी पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दिया है। इन उत्पादों पर आदिवासी कला की अनूठी छाप है। इस बेहतरीन पैकेजिंग को जापान का प्रतिष्ठित ‘गुड डिजाइन अवार्ड’ भी प्राप्त हुआ है, जो सामूहिक संकल्प से राष्ट्र निर्माण की इस प्रेरक यात्रा का एक जीवंत साक्षी और हमारी पारंपरिक कला व आधुनिक ग्लोबल डिमांड के मेल का उत्कृष्ट उदाहरण है।
स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और त्योहारों पर खुशियां बांटने का संदेश
प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में देशवासियों से स्वदेशी को प्रोत्साहन देने, पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता बनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा जनभागीदारी से सामाजिक बदलाव व राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का सशक्त आह्वान किया।
आगामी दीपावली, छठ महापर्व और अन्य पावन त्योहारों की रौनक को देखते हुए उन्होंने सभी देशवासियों से अपील की कि वे पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित रहकर अपने पूरे परिवार के साथ हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाएं। प्रधानमंत्री जी ने विशेष रूप से आह्वान किया कि सभी देशवासी अपनी खुशियों में समाज के वंचितों और दूसरों को भी अनिवार्य रूप से शामिल करें। उन्होंने समस्त देशवासियों को आगामी सभी पावन पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मन की बात देशवासियों के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का अनूठा मंच: विधायक अनुज शर्मा
इस अवसर पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह मासिक कार्यक्रम देशवासियों के लिए ऊर्जा, प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण का एक ऐसा अनूठा मंच बन चुका है, जो समाज के हर वर्ग को सीधे तौर पर जोड़ता है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होना और इसका यह 139वां संस्करण जन-जन की सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का एक अनूठा प्रतीक है।”
विधायक अनुज शर्मा ने आगे कहा कि, “प्रधानमंत्री जी द्वारा कार्यक्रम में स्वदेशी को प्रोत्साहन देने, पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता बनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और आगामी पर्व एवं त्योहारों के सामाजिक महत्व पर दिया गया संदेश हम सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना आज देश के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुँचाने में मील का पत्थर साबित हो रही है।”
ग्रामीणों में दिखा भारी उत्साह, लिया स्वदेशी का प्रण
इस कार्यक्रम के दौरान कचना में मौजूद सभी ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री जी के संदेश से प्रेरित होकर सभी उपस्थित जनों ने मिलकर ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का सामूहिक प्रण लिया।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
इस अवसर पर धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के साथ प्रमुख रूप से सुनील शर्मा, गोपेश साहू, रॉबिन साहू, राजेंद्र विश्वकर्मा, सुरेश साहू, मयंक यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

