खरोरा: गणेश विसर्जन झांकी में झूमे विधायक अनुज शर्मा…पढ़ें!

Date:

भक्ति, कला और सद्भाव का महासंगम: खरोरा गणेश विसर्जन में उमड़ा आस्था का सैलाब, विधायक अनुज शर्मा ने की पुष्प वर्षा
बिना किसी विवाद के शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हुआ ऐतिहासिक उत्सव, विधायक ने क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य की मांगी मन्नत
अनुशासित आयोजन के लिए विधायक ने समितियों, कलाकारों, पुलिस और स्थानीय प्रशासन का हृदय से जताया आभार

खरोरा: हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी खरोरा में श्री गणेश विसर्जन के पावन अवसर पर भव्य एवं अत्यंत मनमोहक झांकियों की शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर इस गरिमामयी आयोजन में धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित हुए। शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान पूरा खरोरा शहर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर विधायक श्री अनुज शर्मा ने प्रथम पूज्य विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी की आरती एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

मंच से विधायक ने मांगी क्षेत्र की खुशहाली
मंच से विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक श्री अनुज शर्मा ने कहा, “मैं आज इस मंच से भगवान श्री गणेश जी के चरणों में शीश झुकाकर पूरे क्षेत्रवासियों के लिए सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना करता हूं। बप्पा का आशीर्वाद हमारे खरोरा के हर घर पर, हर किसान पर, हर युवा पर और हर माता-बहन पर सदा बना रहे।”

“खरोरा की सड़कों पर उतरा देवलोक”– विधायक
रातभर चले इस भव्य एवं आकर्षक झांकी प्रदर्शन की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए विधायक ने कहा, “आज खरोरा की इस पावन धारा पर भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का जो समंदर उमड़ा है, उसे देखकर मेरा हृदय गद्गद हो गया है। ऐसा लग रहा है मानो साक्षात देवलोक खरोरा की सड़कों पर उतर आया हो! जिस समर्पण, जिस कलात्मकता और जिस आत्मीयता से आप सभी ने इन भव्य और मनमोहक झांकियों का निर्माण किया है, वह अद्भुत और अविश्वसनीय है। खरोरा का यह गणेश उत्सव और यहाँ की झांकियां आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक धरोहर और अटूट आस्था की अनुपम मिसाल हैं।”

शांति और बेमिसाल अनुशासन की तारीफ
विधायक श्री शर्मा ने इस ऐतिहासिक और अनुशासित आयोजन की सराहना करते हुए आगे कहा, “इतना विशाल आयोजन, इतनी अपार भीड़ और इतना बड़ा उत्सव जब बिना किसी विवाद, बिना किसी लड़ाई-झगड़े के, पूर्ण शांति और सद्भाव के साथ संपन्न होता है, तो वह पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बन जाता है। इस ऐतिहासिक और अनुशासित आयोजन के लिए मैं सभी गणेश उत्सव समितियों को, कलाकारों को, आप सभी जागरूक नागरिकों को और विशेष रूप से हमारे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को हृदय से धन्यवाद देता हूँ। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और आपके सहयोग से ही यह शांतिपूर्ण आयोजन संभव हो पाया है। आइए, हम सब मिलकर पूरी श्रद्धा से, नम आंखों से और बुलंद आवाज में अपने विघ्नहर्ता को विदाई दें और प्रार्थना करें कि वे अगले बरस और भी अधिक खुशहाली लेकर हमारे बीच शीघ्र पधारें!”

जब ढोल-ताशों की थाप पर थिरके विधायक
भक्ति और उत्सव के इस अद्भुत माहौल में विधायक श्री शर्मा स्वयं को रोक न सके। वे आम जनता के बीच पहुंचे और उत्सव के आनंद में सराबोर होकर ढोल-ताशों की थाप पर युवाओं के साथ झूमते और नाचते नजर आए। विधायक का यह आत्मीय अंदाज देखकर उपस्थित जनसमूह का उत्साह दोगुना हो गया। उन्होंने विशाल जनसमूह तथा विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ मिलकर पूरे समय उत्सव का भरपूर आनंद उठाया।

पुष्प वर्षा से श्रद्धालुओं का आत्मीय अभिनंदन
विस्तृत मार्ग पर भ्रमण के दौरान विधायक श्री अनुज शर्मा ने सभी गणेश उत्सव समितियों की झांकियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने मंच से श्रद्धालुओं और झांकियों पर पुष्प वर्षा कर उपस्थित जनसमूह का उत्साहवर्धन किया। देर रात तक चले इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

नम आँखों से बप्पा को दी गई विदाई
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं और भक्तों ने नम आंखों से अपने लाडले ‘बप्पा’ को अंतिम विदाई दी और अगले वर्ष शीघ्र पुनरागमन की भावपूर्ण प्रार्थना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी व सदस्य, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

More like this
Related

आईसीएआर-एनआईबीएसएम में राष्ट्रीय महिला किसान दिवस मनाया…पढ़ें!

आईसीएआर-एनआईबीएसएम में राष्ट्रीय महिला किसान दिवस मनाया रायपुर, 15 अक्टूबर...