छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार के एक साल पूरे हो गए हैं। इस एक साल में प्रदेश में कानून व्यवस्था और धान खरीदी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस सरकार (CG Youth Congress Protest) को घेर रही है। इसी के चलते छत्तीसगढ़ कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन जारी है। आज 17 दिसंबर मंगलवार को युवा कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी के साथ ही धान के मुद्दे पर किसान कांग्रेस भी धान खरीदी में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन
पीसीसी चीफ दीपक बैज के निर्देशन में पूरे प्रदेश में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रदेश के सभी धान खरीदी केंद्रों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर वरिष्ठ नेताओं ने निरीक्षण किया था। इस दौरान धान उपार्जन केंद्रों पर कई अव्यवस्था मिली। इसके विरोध में किसान कांग्रेस ने सरकार को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए पत्र भी सौंपा था। वहीं विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी धान खरीदी का मुद्दा पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी उठाया है।
