देवरी घुलघुल में विरोध और समर्थन के बीच जनसुनवाई शांतिपूर्वक संपन्न
ग्राम देवरी घुलघुल में प्रस्तावित मेसर्स अग्रसेन स्टील एण्ड पावर लिमिटेड कंपनी के संबंध में आयोजित लोक जनसुनवाई मंगलवार को विरोध और समर्थन के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जनसुनवाई में ग्रामवासियों के साथ-साथ जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कंपनी का विरोध दर्ज कराया।
वहीं दूसरी ओर कंपनी के समर्थन में भी बड़ी संख्या में ग्रामीण सामने आए। समर्थन करने वाले लोगों द्वारा हजारों हस्ताक्षरों वाला समर्थन पत्र क्षेत्रीय पर्यावरण विभाग के अधिकारियों को सौंपा गया।
जनसुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें प्रशासन एवं पर्यावरण विभाग के समक्ष रखीं। सभी पक्षों को सुनने के बाद एडीएम ने जनसुनवाई समाप्त होने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, संबंधित थाना प्रभारी, पर्यावरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और जनसुनवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
