
तीन बार आंदोलन, तीन बार आश्वासन, फिर भी श्रमिकों को न्याय नहीं अब 7 दिसंबर से आर-पार की लड़ाई का ऐलान
SECL सराईपाली परियोजना में V.K.U. कंपनी के ठेका श्रमिकों का अनिश्चितकालीन हड़ताल का अल्टीमेटम, ज्ञापन सौंपने पहुंचे छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल
कोरबा। एसईसीएल सराईपाली परियोजना में V.K.U. (विनय कुमार उपाध्याय) कंपनी के अंतर्गत कार्यरत ठेका श्रमिकों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन एक बार फिर तेज होने जा रहा है। वेतन भुगतान, HPC दर, सैलरी स्लिप और नियमित काम की मांग को लेकर श्रमिकों ने प्रबंधन को अंतिम नोटिस सौंपते हुए 7 दिसंबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना गैर-राजनीतिक संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल भी मौजूद रहे और श्रमिकों की मांगों एवं अधिकारों के समर्थन में अपनी बात रखी।

तीन बार आंदोलन, हर बार आश्वासन, लेकिन मांगें आज भी अधूरी
श्रमिकों के अनुसार 25 मार्च 2026, 28 अप्रैल 2026 और 22 सितंबर 2026 को भी अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन एवं हड़ताल की गई थी। हर बार प्रबंधन की ओर से मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक उन आश्वासनों पर ठोस अमल नहीं हुआ। लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद मांगों का समाधान नहीं होने से श्रमिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
श्रमिकों की चार सूत्रीय प्रमुख मांगें
प्रत्येक माह की 7 तारीख तक सभी ठेका श्रमिकों का वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
निर्धारित HPC दर के अनुसार वेतन का भुगतान किया जाए।
प्रत्येक श्रमिक को मासिक वेतन पर्ची (सैलरी स्लिप) उपलब्ध कराई जाए।
सभी ठेका श्रमिकों को महीने में 26 दिन की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए।
6 दिसंबर तक का अल्टीमेटम, 7 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल
16 नवंबर 2026 को सौंपे गए अंतिम नोटिस में प्रबंधन को 6 दिसंबर तक सभी मांगों का पूर्ण निराकरण कर लिखित आदेश जारी करने का समय दिया गया है। श्रमिकों ने स्पष्ट किया है कि अब केवल मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा। यदि निर्धारित समय-सीमा तक मांगें पूरी नहीं होती हैं तो 7 दिसंबर से सभी संबंधित ठेका श्रमिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।
इस मामले की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर कोरबा, पुलिस अधीक्षक कोरबा, श्रम आयुक्त बिलासपुर, क्षेत्रीय महाप्रबंधक एसईसीएल दीपका, संबंधित ठेकेदार एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना (गैर-राजनीतिक संगठन) को भी भेजी गई है।

उमागोपाल ने श्रमिकों के अधिकारों को लेकर उठाई आवाज
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल की मौजूदगी ने श्रमिकों के आंदोलन को समर्थन दिया। श्रमिकों का कहना है कि वे कोई विशेष सुविधा नहीं, बल्कि अपने श्रम के बदले निर्धारित वेतन, समय पर भुगतान और सम्मानजनक कार्य व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। बार-बार आंदोलन के बाद भी मांगें पूरी नहीं होना श्रमिकों के साथ अन्याय है।
अब देखना होगा कि एसईसीएल प्रबंधन और संबंधित कंपनी 6 दिसंबर तक श्रमिकों की मांगों का समाधान कर लिखित आदेश जारी करती है या फिर 7 दिसंबर से सराईपाली परियोजना में अनिश्चितकालीन हड़ताल की स्थिति निर्मित होती है।

