राज्योत्सव में पत्रकार से मारपीट! CAF जवान ने डंडे से किया हमला, विरोध में पत्रकारों का धरना, डंडे बरसाने वाला जवान निलंबित!
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) के एक जवान ने पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद पत्रकार पर डंडे से हमला कर दिया। घटना के बाद राज्योत्सव स्थल पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, राज्योत्सव स्थल पर वाहन पार्किंग को लेकर पत्रकार और CAF जवान के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि जवान ने आपा खोते हुए पत्रकार पर डंडे से हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने संबंधित थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

घटना की जानकारी मिलते ही खैरागढ़ पत्रकार संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार एकजुट हो गए। प्रेस क्लब अध्यक्ष के नेतृत्व में पत्रकारों ने राज्योत्सव स्थल के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपी जवान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई।
पत्रकारों का कहना है कि राज्योत्सव जैसे महत्वपूर्ण और सार्वजनिक आयोजन में मीडिया कर्मियों के साथ इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए आयोजन स्थल पर मौजूद रहते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
फिलहाल इस घटना ने राज्योत्सव की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात जवानों के व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्रकार संघ ने आरोपी CAF जवान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डंडे बरसाने वाले जवान को निलंबित कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्ररथ ‘गर्व’ ने इस मामले की कड़ी निंदा की और इस तरह की घटनाओं को दोहराया न जाए इसके लिए सरकार को चेताया भी साथ आरोपी जवान पर त्वरित कार्रवाई को पत्रकारों की एकजुटता का परिणाम बताया।

