साइबर अपराध से बचाव एवं सुरक्षा को लेकर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
खरोरा,08 अक्टूबर 2026:- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय खरोरा में साइबर अपराध से बचाव एवं सुरक्षा विषय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर से शंकर लाल साहू एवं टोपेंद्र कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों, कानूनी प्रावधानों तथा इससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
विधिक जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मोबाइल फोन, इंटरनेट और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करना आवश्यक है। किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध वेबसाइट या APK फाइल के लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए तथा अज्ञात स्रोत से प्राप्त एप्लीकेशन डाउनलोड अथवा इंस्टॉल नहीं करना चाहिए। विद्यार्थियों को OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी, UPI PIN तथा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

शिविर में सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि किसी व्यक्ति की आपत्तिजनक, अश्लील अथवा निजी फोटो/वीडियो को अपने मोबाइल में रखना, बिना अनुमति शेयर करना, प्रसारित करना या सोशल मीडिया पर अपलोड करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आ सकता है। विद्यार्थियों को फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, OTP फ्रॉड, UPI/बैंकिंग फ्रॉड, पहचान की चोरी, सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन मानहानि तथा निजी जानकारी के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को समझाया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों, विद्यालय के शिक्षकों अथवा संबंधित पुलिस एवं साइबर सहायता तंत्र को सूचना दें।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य रजनी मिंज ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर से आए विधिक जागरूकता दल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि डिजिटल सुरक्षा और अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होना भी अत्यंत आवश्यक है।
