पीएम श्री विद्यालय खरोरा में छात्रसंघ निर्वाचन संपन्न, विद्यार्थियों को मिली नेतृत्व की जिम्मेदारी
खरोरा, 28 जुलाई 2026 – विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु छात्रसंघ निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

निर्वाचन परिणाम के अनुसार कक्षा 12वीं की मोनिका छात्रसंघ अध्यक्ष, कक्षा 11वीं की आरती यादव उपाध्यक्ष, कक्षा 12वीं की सानिया यादव छात्रा प्रतिनिधि, कक्षा 12वीं के कुणाल वंशे सचिव, कक्षा 11वीं की नौहीद खान सांस्कृतिक सचिव, कक्षा 12वीं के गौतम देवांगन अनुशासन सचिव, कक्षा 12वीं के सन्नी पटेल क्रीड़ा सचिव, कक्षा 12वीं की रागिनी साहित्यिक सचिव, कक्षा 12वीं की वंशिका बंजारे विज्ञान सचिव, कक्षा 12वीं के युवराज साहू वाणिज्य सचिव तथा कक्षा 12वीं के हिमांशु कला सचिव निर्वाचित हुए।
इसी प्रकार एनएसएस दलनायक के रूप में अमनराज आडिले, एनएसएस उपदलनायक के रूप में प्रियंका मानिकपुरी, स्काउट दलनायक शिवम् यादव, स्काउट उपदलनायक अमन बंजारे, रोवर दलनायक राज, रोवर उपदलनायक दीपक देवांगन, रेंजर दलनायक रोहिणी धीवर, रेंजर उपदलनायक ऐश्वर्य, गाइड दलनायक प्रियंका डहरिया तथा गाइड उपदलनायक किरण यादव निर्वाचित घोषित किए गए।

छात्रसंघ निर्वाचन का सफल संचालन विद्यालय के संयोजक मंडल के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान संगीता नायक, रीतारानी वर्मा, चमेली ठाकुर, सुनीता सिंह, एवं सेवानिवृत्त व्याख्याता डोमार सिंह यादव ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
निर्वाचन परिणाम घोषित होने के पश्चात विद्यालय की प्राचार्य रजनी मिंज एवं व्याख्याता शाहिना परवीन ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ विद्यालय की लोकतांत्रिक परंपरा का सशक्त प्रतीक है। छात्रसंघ के पदाधिकारी विद्यार्थियों और विद्यालय प्रशासन के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेंगे तथा विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, स्काउट-गाइड, एनएसएस एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेंगे।

प्राचार्य ने सभी नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, सहयोगियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्पण एवं सहयोग की सराहना की।
