
घंटाघर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक पहुंची यात्रा, छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने दिया समर्थन; प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल और प्रदेश संयोजक दिलीप मिरी रहे मौजूद।
कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना से प्रभावित ग्राम चंद्रनगर (जटराज) के भू-विस्थापित परिवारों की समस्याओं और मौलिक अधिकारों की मांग को लेकर आज श्रम सेवा भू-विस्थापित कामगार संगठन के तत्वावधान में दंडवत न्याय यात्रा निकाली गई। यह यात्रा कोरबा के घंटाघर चौक से शुरू होकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंची। जनदर्शन के दिन कलेक्टर को विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपकर भू-विस्थापित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
यात्रा में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना गैर-राजनीतिक संगठन ने भी अपना समर्थन दिया। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल एवं प्रदेश संयोजक दिलीप मिरी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस दौरान उमागोपाल ने भू-विस्थापित परिवारों के मौलिक अधिकारों, सम्मानजनक पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिन परिवारों की जमीन और आजीविका खनन परियोजनाओं के लिए प्रभावित हुई है, उन्हें अपने अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश संयोजक दिलीप मिरी ने भी अपनी बात रखते हुए भू-विस्थापित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया और उनके अधिकारों के लिए उचित कार्रवाई की मांग की।
श्रम सेवा भू-विस्थापित कामगार संगठन के संस्थापक अशोक पटेल ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि ग्राम चंद्रनगर (जटराज) के परिवारों को अलग-अलग पुनर्वास स्थलों पर बसाया गया है, लेकिन लंबे समय बाद भी कई मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी हुई है। ज्ञापन में पुनर्वास स्थलों पर सड़क, बिजली, पानी, नाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक भवन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही विस्थापन के कारण गांव की एकता, संस्कृति और सामाजिक परंपराओं पर पड़े प्रभाव की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया।
ज्ञापन में सोनपुरी खदान के पास 15 परिवार, 14 नंबर डंपिंग में 140 परिवार, 6 नंबर डंपिंग 92 परिवार, सर्वमंगला नगर में 55 परिवार, वैशाली नगर कुसमुंडा में 70-80 परिवार, वैशाली नगर खम्हरिया नदी किनारे 36-40 परिवार सहित विभिन्न पुनर्वास स्थलों पर बसाए गए परिवारों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उनके समुचित निराकरण की मांग की गई है। संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया कि भू-विस्थापित परिवारों की समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर समयबद्ध समाधान किया जाए।
इस अवसर पर राजेंद्र पटेल, करण पटेल, महेश्वर पटेल, नरेश पटेल, टिकेश्वर पटेल, कुशल बाई, अंजलि, गौरी बाई, मीणा बाई, पिलामती त्रिलेशवर, पवन,लक्षमण,सहित संगठन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद रहे।
भू-विस्थापितों की मांग साफ है जमीन और घर छोड़ने के बाद उन्हें केवल दूसरी जगह बसाना पर्याप्त नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन के लिए जरूरी सुविधाएं और उनके मौलिक अधिकार भी सुनिश्चित किए जाने चाहिए।

