आईसीएआर-एनआईबीएसएम में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित
रायपुर, 5 अगस्त। कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध हो रहे रोजगार के नए अवसरों से विद्यार्थियों को परिचित कराने तथा उनके करियर मार्गदर्शन के उद्देश्य से आईसीएआर-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (आईसीएआर-एनआईबीएसएम), में स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी) एवं पीएच.डी. विद्यार्थियों के लिए “रोजगार के अवसर एवं करियर काउंसलिंग” विषय पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने कहा कि वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र तेजी से परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए सुनियोजित करियर योजना, कौशल विकास तथा सतत् अधिगम अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ व्यावसायिक दक्षताओं का विकास करने का आह्वान किया, जिससे वे अनुसंधान, शिक्षा, उद्योग तथा उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफल करियर बना सकें।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री बिटोपन सरमा, निदेशक, कॉर्पोरेट रिसर्च सेंटर, एमिटी विश्वविद्यालय, रायपुर ने वर्तमान रोजगार परिदृश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अकादमिक संस्थानों, अनुसंधान संगठनों, एग्री-बिजनेस कंपनियों, कॉर्पोरेट क्षेत्र तथा स्टार्टअप्स में उपलब्ध करियर संभावनाओं की जानकारी दी। साथ ही व्यक्तित्व विकास, उद्योगों की अपेक्षाओं, प्रभावी करियर योजना तथा प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार में अपनी रोजगार क्षमता बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों पर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए विशेषज्ञ से विभिन्न करियर संबंधी प्रश्न पूछे और अपने भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. योगेश येले, डॉ. संदीप अडावी तथा डॉ. श्रावणी सान्याल भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाने और अपने कौशल एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. के. सी. शर्मा, प्रधान वैज्ञानिक द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. प्रियंका मीना ने किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को कृषि एवं संबद्ध विज्ञानों में उपलब्ध विविध करियर अवसरों के प्रति प्रेरित करते हुए सफल एवं उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।
Date:
