रायपुर: इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, चार साल का प्रेम संबंध और फिर चरित्र पर शंका—छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से रिश्ते के खौफनाक अंत की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
खमतराई थाना क्षेत्र के सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। रायपुर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका और आरोपी की पहचान
मृतका: 19 वर्षीय नंदिनी जाल (उर्फ नंदिनी जैन), निवासी सिया रेसिडेंसी, रायपुर।
आरोपी प्रेमी: 23 वर्षीय करण तांडी, निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर, रायपुर।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी करण और नंदिनी के बीच करीब चार साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क हुआ था, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों करीब छह महीने तक लिव-इन में भी रहे थे। हालांकि, बाद में अलग रहने के कारण करण युवती के चरित्र पर संदेह करने लगा था, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
3 अगस्त की शाम आरोपी ने नंदिनी को बातचीत के बहाने सोलापुरी माता मंदिर के पास बुलाया और फिर सुनसान खेत की तरफ ले गया।
दूसरे युवकों से बातचीत के सवाल पर जब नंदिनी ने इनकार किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गया। उसने पहले युवती के मुंह में उसका दुपट्टा ठूंसा ताकि वह चिल्ला न सके, फिर उसी से गला घोंट दिया। मौत सुनिश्चित करने के लिए उसने युवती का सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया और फरार हो गया।
तकनीकी जांच और कड़ाई से पूछताछ में टूटा आरोपी
4 अगस्त को खेत में अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। परिजनों ने प्रेमी करण पर शक जताया। हिरासत में लेने पर आरोपी शुरुआत में पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर की गई कड़ाई के आगे उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
