छत्तीसगढ़ में एनएचएम कर्मचारियों का लगातार विरोध प्रदर्शन चल रहा है। 14 दिन से कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व स्वास्थ मंत्री टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा, विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस की हार का बड़ा कारण NHM कर्मचारी थे। हमने चुनाव में जो वादा किया था, वो पूरा नहीं कर पाए थे। कांग्रेस सरकार में डिप्टी सीएम रहे सिंहदेव ने सोमवार, 1 सितंबर को महासमुंद में एनएचएम कर्मचारियों का मंच साझा किया।
महासमुंद में NHM कर्मियों के मंच पर पहुंचे सिंहदेव
प्रदेश के अन्य जिलों की तरह महासमुंद में भी एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। इनके मंच पर आज कांग्रेस के सीनियर लीडर और भूपेश सरकार में डिप्टी सीएम रहे टीएस सिंहदेव ने मंच शेयर किया। उन्होंने एनएचएम कर्मियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में मेरी और कांग्रेस की हार की वजह एनएचएम कर्मचारी ही रहे। चुनाव में किए वादे हम पूरे नहीं कर पाए।
बिलासपुर में भी हड़ताल
बिलासपुर में भी एनएचएम कर्मियों की हड़ताल 14वें दिन भी जारी रही। कर्मियों ने एक अनोखे तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का मुखौटा पहनकर ‘क्या हुआ तेरा वादा’ गाना बजाया।
बीजेपी सरकार को वादा याद दिलाया
छत्तीसगढ़ एनएचएम कर्मचारी संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्याममोहन दुबे के मुताबिक इन मंत्रियों ने विधानसभा चुनाव से पहले तूता मैदान रायपुर में वादा किया था। उन्होंने कहा था कि बीजेपी की सरकार बनने पर 100 दिन के भीतर संविदा कर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा।
हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
हड़ताल के कारण जिला अस्पताल, सभी पीएचसी, सीएचसी, हेल्थ सब सेंटर, मेंटल हॉस्पिटल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय का काम प्रभावित हुआ है। कर्मचारी 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
शासन के नोटिस की प्रतियां जलाईं
कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सचिव और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा काम पर लौटने के नोटिस जारी किए गए थे। जिसकी प्रतियां भी हड़ताली कर्मियों ने जलाईं। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष राजकुमार यादव, उपाध्यक्ष जीवन महंत, सचिव प्रमोद पटेल समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
