छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के फरसेगढ़ नेशनल पार्क क्षेत्र में आज 9 फरवरी को सुबह करीब 8 बजे से पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस ऑपरेशन में डीआरजी (DRG), एसटीएफ (STF) और बस्तर फाइटर्स के जवान शामिल हैं। इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए हैं। वहीं चार घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए लाया गया है।
अब तक करीब 12 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। वहीं जवानों ने नक्सलियों को घेरे रखा है। दोनों ओर से क्रॉस फायरिंग जारी है। नक्सली यहां बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में एकत्रित हुए थे। तभी नक्सल ऑपरेशन पर निकली संयुक्त टीम ने इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया।
दो जवान शहीद, चार जवान घायल
बीजापुर में चल रही पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 2 जवान शहीद हो गए हैं। वहीं चार जवान घायल हो गए हैं। हालांकि अभी मुठभेड़ जारी है। वहीं जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। जिनके शव भी बरामद कर लिए हैं। यह मुठभेड़ लगातार जारी है। जवान नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
मौके से शव और हथियार बरामद
मुठभेड़ के दौरान मौके से कुछ नक्सलियों के शव और ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए गए हैं। ऑपरेशन अभी जारी है, और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। यह ऑपरेशन इलाके से नक्सल के खात्मे के लिए जारी है। इसको लेकर अलग-अलग पुलिस फोर्स के कैंप भी बनाए गए हैं। ये टीम इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सली एक्टिविटी को खत्म करने के लिए काम कर रही है।
फरसेगढ़ नेशनल पार्क क्षेत्र में जारी है ऑपरेशन
फरसेगढ़ नेशनल पार्क क्षेत्र नक्सलियों के लिए एक संवेदनशील इलाका माना जाता है। इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों को घेरने और उन्हें नष्ट करने की रणनीति अपनाई है। जहां नक्सलियों को बड़ी रणनीति तैयार करते वक्त जवानों ने घेर लिया। पुलिस फोर्स को देखते ही नक्सलियों ने हमला कर फायरिंग शुरू कर दी। इसी जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। कैंप से 12 नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है।
