
छत्तीसगढ़ में छठ पूजा के दौरान स्थानीय नदी तालाबों के नामकरण और रेलवे स्टेशनों में छठ गीत का विरोध करने वाले छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के सेनानियों सहित स्थानीय लोगों पर आपत्तिजनक कमेंट करने वाली बिहार मूल की महिला के खिलाफ विधानसभा थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
आरोपी महिला पर छत्तीसगढ़ियों के मुंह पर छह नंबर की सैंडल मारने जैसे आपत्तिजनक बात कहने और सोशल मीडिया पर आकर स्थानीय प्रतिमानों का अपमान करने का आरोप है।

आईटी एक्ट के तहत दर्ज इस मामले के बाद आरोपी महिला जिनका नाम मधुबाला गिरी बताया जा रहा है कि पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी है लेकिन अब तक महिला गिरफ्तार नहीं की गई है वहीं दूसरी ओर महिला ने एक और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय लोगों से माफी मांगी है और अपनी सफाई में वह सिर्फ उन लोगों को टारगेट करने की बात कह रही है जिन्होंने छठ घाट का विरोध किया था।
वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी गैर राजनीतिक संगठन की महिला विंग और युवा विंग ने भारी आक्रोश जताते हुए सरकार से आग्रह किया है की छत्तीसगढ़ियों के खिलाफ इस तरह बयानबाजी करने वाली महिला को कड़ी से कड़ी कानूनी सजा मिलनी चाहिए।
इधर सोशल मीडिया में महिला के वीडियो जारी करने के बाद ही स्थानीय छत्तीसगढ़िया इनफ्लुएंसर और अन्य स्थानीय महिला पुरुष, युवाओं ने इस अभद्र टिप्पणी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया, महिला के विरोध में तरह-तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर आने लगे देखते ही देखते पूरा प्रदेश इस मामले पर एकजुट हो गया और प्रादेशिक अस्मिता की लकीर खींच गई, दरअसल राज्य निर्माण के बाद से ही छत्तीसगढ़ अपनी प्रादेशिक अस्मिता के लिए संघर्ष कर रही है स्थानीय तीज पर्वों में अन्य प्रांत के संस्कृतियों का लेप चढ़ चुका है और ऐसे में स्थानीय पारंपरिक मूल्यों को बचाने तीज पर्वों को सहेजने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना जैसी सांस्कृतिक सामाजिक संगठन लगातार काम कर रही है और अब संगठन के विभिन्न विंग प्रदेशभर में प्रादेशिकता और अस्मिताई गौरव के लिए लड़ रही है, सेना का आरोप है कि पुलिस प्रशासन आम छत्तीसगढ़ियों को इसी तरह के मामलों में हेट स्पीच का आरोप लगा कर लगातार कार्रवाई करती रही है अब इस मामले में प्रशासन का एक्शन क्या होता है देखने वाली बात होगी।
छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र रथ गर्व ने भी इस मामले पर बात रखते हुए कहा कि भारतवर्ष में सभी प्रांत के अपने-अपने सांस्कृतिक मूल्य है जिनका सम्मान हम सभी प्रदेशवासियों को करनी चाहिए।

अपनी परंपरागत पहचान के कारण ही यह भारतीय गणराज्य जाना जाता है ऐसे में स्थानीय सांस्कृतिक मूल्यों के लिए सभी लोगों को एक साथ आना चाहिए और इस तरह के आपत्तिजनक बयान से बचना चाहिए, हम सब भारतीयों को सभी प्रदेश के तीज पर्वों का सम्मान करना होगा, एक दूसरे की भावनाओं को आहत करने से बचते हुए हमारी भारतीय संस्कृति को संरक्षित करने की दिशा में काम करना होगा, सभी प्रदेश की अपनी स्थानीय मूल्यों के लिए जो भावनाएं हैं वह कभी आहत न हो इसका सभी नागरिकों को ख्याल रखना होगा।

