रायपुर: अनवर ढेबर, कुबेर राठी समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज…पढ़ें पूरी खबर!

Date:

रायपुर: राजधानी में चार करोड़ रुपए की मांग को लेकर एक 62 वर्षीय बुजुर्ग जमीन कारोबारी को कथित रूप से ब्लैकमेल करने, मारपीट करने और पूरे परिवार की हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है. कालीबाड़ी निवासी बलिराम धरमानी की शिकायत पर पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों में संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 351(3), 296, 115(2), 61(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। शिकायत में चार करोड़ रुपए की मांग को लेकर आपराधिक साजिश रचने, ब्लैकमेल करने और धमकाने का आरोप लगाया गया है।

2018 में जमीन का सौदा, चार करोड़ की मांग से बढ़ा विवाद
FIR के मुताबिक, बलिराम धरमानी ने वर्ष 2018 में बोरड परिवार की लाभांडी स्थित करीब 2.60 लाख वर्गफीट जमीन का सौदा किया था. इसमें से 40 हजार वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम कराई गई थी, जबकि शेष जमीन का एग्रीमेंट हुआ था. हालांकि, बोरड परिवार में आपसी विवाद के कारण बाकी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी।
आरोप है कि वर्ष 2022 में संदीप अग्रवाल उनके कटोरा तालाब स्थित कार्यालय पहुंचा और विवादित जमीन की रजिस्ट्री अपने माध्यम से कराने का भरोसा देकर चार करोड़ रुपए की मांग की. इस संबंध में मौखिक सहमति बनने की बात भी शिकायत में कही गई है।

पीड़ित के अनुसार, चार साल तक मामला नहीं सुलझने पर उन्होंने अपने नाम की 40 हजार वर्गफीट जमीन बोरड परिवार को वापस रजिस्ट्री कर दी. इसके बदले अपनी रकम 1.65 करोड़ रुपए और बयाने के 1.50 करोड़ रुपए मिलाकर कुल 3.15 करोड़ रुपए वापस ले लिए. उनका दावा है कि बोरड परिवार के साथ अब उनका कोई लेन-देन बाकी नहीं है.

रहमानिया चौक के कार्यालय में हुई बैठक
शिकायत के अनुसार, सितंबर 2026 में नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी ने फोन कर बलिराम धरमानी पर कुबेर राठी से बातचीत करने का दबाव बनाया. इसके बाद 26 सितंबर को रहमानिया चौक स्थित बबू प्लाजा के कार्यालय में बैठक हुई. इसमें कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी मौजूद थे. आरोप है कि इस दौरान चार करोड़ रुपए देने की मांग दोहराई गई।

होटल वेलिंगटन में मारपीट और परिवार को मारने की धमकी
मामले ने 27 सितंबर को गंभीर रूप ले लिया. शिकायत के मुताबिक, फाफाडीह चौक स्थित होटल वेलिंगटन के फैमिली केबिन में बैठक बुलाई गई थी. बलिराम धरमानी अपने दो परिचितों आबिद हसन और आरिफ रजा के साथ वहां पहुंचे. पहले से अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी मौजूद थे.

आरोप है कि चार करोड़ रुपए देने से इनकार करने पर अनवर ढेबर और कुबेर राठी ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की. अन्य आरोपियों पर भी इस दौरान धमकी देने में शामिल होने का आरोप है. पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने तथा रायपुर में नहीं रहने देने की धमकी दी।
जांच के बाद होगा पूरे मामले का खुलासा
रायपुर पुलिस के मुताबिक, FIR दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है. शिकायत में आपराधिक साजिश रचकर ब्लैकमेल करने, चार करोड़ रुपए वसूलने के लिए धमकाने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं. जांच में पूरे घटनाक्रम और आरोपियों के आपसी संबंधों की जानकारी सामने आएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

More like this
Related