छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शराब पीने के बाद एक स्थानीय पार्षद और निजी क्लिनिक संचालक की दर्दनाक मौत हो गई है। इस अचानक हुई घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और शोक की लहर दौड़ गई है।
चार लोगों ने साथ पी थी शराब!
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पामगढ़ में कुल चार लोगों ने एक साथ बैठकर शराब का सेवन किया था। शराब पीने के कुछ ही देर बाद उनमें से दो लोगों की तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर परिजनों ने दोनों को तुरंत पामगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी हालत को नाजुक देखते हुए उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया।
बिलासपुर में बेहतर इलाज के दौरान सिम्स (SIMS) अस्पताल में पार्षद रामखिलावन जांगड़े और अपोलो अस्पताल में क्लिनिक संचालक जोहित खरे ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई और मौके पर मौजूद अन्य दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौत के असली कारणों की जांच में जुट गए हैं। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। हालांकि, पूर्व की घटनाओं को देखते हुए पुलिस रंजिश के चलते शराब में जहर मिलाए जाने की आशंका पर भी गंभीरता से जांच कर रही है।

