रायपुर शहर के न्यू राजेंद्र नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाला और रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिस पिता पर बेटी के सिर की छत बनने की जिम्मेदारी थी, वही पिछले 3 सालों से उसका दैहिक शोषण कर रहा था। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, रेप के बाद नाबालिग के प्रेग्नेंट होने पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर नवजात बच्चे को बेच दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता, बुआ समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 16 साल की पीड़िता हिम्मत जुटाकर न्यू राजेंद्र नगर थाने पहुंची। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि यह दरिंदगी साल 2023 में शुरू हुई थी। अमलीडीह क्षेत्र में स्थित एक रिश्तेदार के घर पर आरोपी पिता ने उसे जबरन शराब पिलाई और मारपीट कर दुष्कर्म किया। घटना के बाद किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे सहमी पीड़िता लगातार शोषण का शिकार बनती रही।
लगातार यौन शोषण के चलते जब पीड़िता पहली बार प्रेग्नेंट हुई, तो उसने मदद की उम्मीद में अपनी बुआ को आपबीती सुनाई। लेकिन बुआ ने भी उसका साथ देने के बजाय आरोपी पिता का पक्ष लिया। दोनों ने मिलकर पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे जबरन गर्भपात (अबॉर्शन) की दवाइयां खिला दीं।फर्जी आधार कार्ड बनाकर बालिग दिखाया, जन्म के बाद नवजात का सौदा
इसके बाद भी आरोपी का अत्याचार नहीं थमा। साल 2025 में पीड़िता दोबारा प्रेग्नेंट हो गई। इस बार अपनी करतूत छिपाने के लिए पिता ने साजिश रच डाली।
आरोपी उसे डॉक्टर वर्षा मंडल और परिचित गीता राय के पास ले गया। पीड़िता की असली उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया, जिसमें उसे बालिग दर्शाया गया।
फर्जी अस्पताल दाखिला: फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पीड़िता को शादीशुदा बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया।
नवजात का सौदा: प्रसव के तुरंत बाद आरोपियों ने नवजात शिशु को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया।

कानून का शिकंजा: 6 आरोपी अरेस्ट
पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद रायपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई। न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), जेजे एक्ट (JJ Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी कर पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता, बुआ, फर्जी दस्तावेज और सौदेबाज़ी में शामिल रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता और बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल समेत सभी 6 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस अब नवजात बच्चे को बरामद करने और पूरे खरीद-फरोख्त नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

