सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित प्लांट में बायलर फटने से लगभग दर्जन भर मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बॉयलर के फटने से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।

प्रशासन ने मौके पर बचाव और राहत कार्य तेज कर दिया है। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी घटना की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा बॉयलर में अचानक दबाव बढ़ने के कारण हुआ।
प्रदेश की सबसे बड़ी गैर राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा, संगठन लगातार प्रदेश के उद्योगों में मजदूरों की सुरक्षा मानकों से समझौता का विरोध करती रही है पर सरकारों के कान में जूं नहीं रेंगती!
हर महीने किसी ने किसी उद्योग में दुर्घटना हो रही है और गरीब मजदूर मर रहे हैं, आखिर जिम्मेदार सरकार और श्रम विभाग का कॉरपोरेट कंपनियों के साथ क्या सांठगांठ है जो इन्हें मनमानी की खुली छूट मिली हुई है?
सेना ने आगाह किया है की किसी भी मृत मजदूर के पारिवारिक हितों से खिलवाड़ किया गया तो उनके परिवारों के साथ सड़क की लड़ाई लड़ी जाएगी।

बता दें की लगातार औद्योगिकीकरण के चलते छत्तीसगढ़, उद्योगगढ़ हो चला है जहां गरीब कामगारों की जान बड़ी सस्ती होती जा रही है!
ऐसे में गैर राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना आम जनता की लड़ाई जनता के साथ मिलकर लड़ने तैयारी कर रही है।
